Chhattisgarh: Maha Kumbh of sports in Ambikapur, players from 5 divisions face to face
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का आगाज हो गया है। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। सांसद चिंतामणि महाराज ने मल्टीपरपज स्कूल मैदान में बास्केट में बॉल डालकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
चार खेलों में दिखेगा दम
प्रतियोगिता में फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। अलग-अलग आयु वर्गों में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। फुटबॉल में 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक, बास्केटबॉल में 14 और 17 वर्ष की बालिकाएं तथा बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस में 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं मुकाबला करेंगे।
खिलाड़ियों से बोले सांसद, पूरी ताकत लगाएं
सांसद चिंतामणि महाराज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन बेहतर खिलाड़ी वही है जो मेहनत और अनुशासन के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ देता है।
शुभारंभ समारोह में विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। महापौर मंजुषा भगत ने स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की, जबकि कलेक्टर अजीत वसंत ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य की बड़ी स्पर्धाओं के लिए अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
