Chhattisgarh | 5-3 की जीत से न्यायधानी का जलवा, कौन पड़ा भारी?

Spread the love

Chhattisgarh | The capital shines with a 5-3 win, who prevails?

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार वापसी करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हरा दिया। सुरेंद्र सिंह की कप्तानी वाली टीम ने खराब शुरुआत के बाद लगातार गोल दागे और टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

मैच की शुरुआत में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने ओम कुमार यादव के गोल से 1-0 की बढ़त बनाई। लेकिन दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स ने खेल पलट दिया। सुखवेद निर्मलकर ने फील्ड गोल किया, फिर शादाब अहमद खान ने गोल दागा। इसके बाद चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 3-1 से आगे कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर संस्कारधानी की वापसी की उम्मीद जगाई। लेकिन चिराग ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर न्यायधानी की बढ़त मजबूत कर दी। आखिरी दौर में आशीष ने फिर गोल किया, मगर सोनू के गोल ने न्यायधानी की 5-3 से जीत पक्की कर दी।

आशीष तानी पूर्ति को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और चिराग को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन मैच देखने पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों को पुरस्कार भी दिए।

वहीं, दिन के एक अन्य मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल की दावेदारी मजबूत कर ली। राजधानी रॉयल्स की लगातार दूसरी हार से उसकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *