Chhattisgarh | गांव की महिलाओं के लिए खुला बड़ा मौका!

Spread the love

Chhattisgarh | A big opportunity has opened up for village women!

रायपुर। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं के छोटे कारोबार को अब बड़े उद्यम में बदलने का मौका मिलने जा रहा है। राज्य सरकार और आईआईएम रायपुर की संयुक्त पहल ‘अथ उद्यम’ के तहत महिला उद्यमियों को बिजनेस बढ़ाने की ट्रेनिंग, विशेषज्ञों की सलाह और बाजार से जुड़ने में मदद मिलेगी।

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ और आईआईएम रायपुर के फाउंडेशन फॉर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट ने यह कार्यक्रम शुरू किया है। अब तक पूरे प्रदेश से एक हजार से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं। आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर 2026 है।

इस कार्यक्रम के तहत शुरुआती चरण में 250 महिला उद्यमियों का चयन किया जाएगा। चयनित महिलाओं को 64 घंटे का व्यवसाय विकास प्रशिक्षण मिलेगा। इसके बाद एक साल तक विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

प्रशिक्षण में उत्पाद की गुणवत्ता सुधारने, लागत और मुनाफे का हिसाब रखने, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, बिक्री बढ़ाने और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। महिलाओं को बाजार, ब्रांड और वित्तीय संस्थानों से जुड़ने में भी सहयोग मिलेगा।

खाद्य प्रसंस्करण, सिलाई, हस्तशिल्प, हथकरघा, वनोपज से उत्पाद बनाने और अन्य गैर-कृषि कारोबार से जुड़ी महिलाएं इसका लाभ ले सकती हैं। स्वयं सहायता समूहों की सदस्य या उनसे जुड़े परिवारों की महिला उद्यमी आवेदन कर सकती हैं। केवल सामान खरीदकर बेचने वाले कारोबार पात्र नहीं होंगे।

इच्छुक महिलाएं atha.iimraipur.edu.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन में सहायता के लिए बिहान कार्यालय या स्वयं सहायता समूह से भी संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *