Chhattisgarh: The focus will be on these schemes of Chhattisgarh, Chief Secretary gave instructions
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की उपलब्धियों और नई पहलों को सामने रखने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक हुई। इसमें आगामी मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुशासन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास पर जोर
बैठक में मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के सचिवों को निर्देश दिए कि राज्य के नवाचारों और बेहतर परिणामों की जानकारी समय-सीमा में तैयार की जाए। पिछले राष्ट्रीय सम्मेलन से जुड़े विषयों की प्रगति और कार्यों की निगरानी के लिए एक्शन ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम की भी समीक्षा की गई।
आंगनबाड़ियों में खिलौना बैंक की चर्चा
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में चल रही खिलौना बैंक पहल को खास तौर पर सराहा गया। इस योजना के तहत लोग अपने बच्चों के पुराने खिलौने दान करते हैं, जिनका इस्तेमाल आंगनबाड़ी के बच्चों के मानसिक विकास और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में किया जाता है। अब तक एक लाख से ज्यादा खिलौने जमा किए जा चुके हैं।
विकसित भारत 2047 के लिए चार प्रमुख सत्र
राष्ट्रीय सम्मेलन में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए चार प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इनमें आर्थिक विकास और राज्य के वित्त को मजबूत बनाने में खनन की भूमिका, सुशासन में तकनीक का इस्तेमाल और सड़क सहित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के बेहतर तरीके शामिल हैं।
इसके अलावा स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास, प्राकृतिक गैस के उपयोग और उर्वरकों के गैर-कृषि इस्तेमाल पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर भी विचार किया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ सचिव और अधिकारी मौजूद रहे। राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है।
