Chhattisgarh | तीजन बाई के नाम पर बड़ा ऐलान, कलाकारों को भी सौगात!

Spread the love

Chhattisgarh | A big announcement in the name of Teejan Bai, a gift for artists too!

बानबरद। छत्तीसगढ़ की लोककला को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा ऐलान किया है। दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बानबरद में अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस पर आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में उन्होंने पद्म विभूषण तीजन बाई की स्मृतियों को सहेजने के लिए कई पहल की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीजन बाई के नाम पर इसी साल से राज्योत्सव में लोककला अलंकरण दिया जाएगा। उनके गृह ग्राम गनियारी को कला ग्राम के रूप में विकसित करने और वहां के हाईस्कूल का नाम तीजन बाई के नाम पर रखने की पहल भी की जाएगी।

महासम्मेलन में शामिल 70 लोककला दलों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई। इनमें पंडवानी कलाकारों के साथ चार पंथी और तीन आदिवासी नृत्य दल भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी दो घोषणाएं भी कीं। मिडिल स्कूल बानबरद को हाईस्कूल में उन्नत किया जाएगा, वहीं अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग से अटल परिसर तक बीटी रोड बनाई जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककलाएं प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान हैं। इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने छत्तीसगढ़ फिल्म विकास बोर्ड और नवा रायपुर में प्रस्तावित फिल्म सिटी का जिक्र करते हुए कहा कि इससे स्थानीय कलाकारों और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, विधायक रिकेश सेन, ललित चंद्राकर, ईश्वर साहू और पद्मश्री डॉ. उषा बारले सहित जनप्रतिनिधि व लोक कलाकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *