Chhattisgarh | Hockey League sees a rain of goals, who wins?
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दूसरे दिन मैदान पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। चक्रधर चैंपियंस ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6-4 से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। मैच देखने उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव भी हॉकी स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
चक्रधर चैंपियंस की जीत के हीरो युवराज वाल्मीकि रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाई। टीम ने शुरुआती दो क्वार्टर में बढ़त बनाकर संस्कारधानी स्ट्राइकर्स पर दबाव बनाया। एस.वी. सुनील के बेहतरीन पास और कार्तिक यादव के गोल ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
दूसरे क्वार्टर में वाल्मीकि ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किया, जबकि पेनल्टी स्ट्रोक पर भी निशाना साधा। हालांकि, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने हार नहीं मानी। शाहरुख ने दो गोल किए और शमशेर के गोल की मदद से टीम ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की। लेकिन चक्रधर चैंपियंस ने आखिरी क्वार्टर में दो और गोल दागकर 6-4 से जीत दर्ज की। वाल्मीकि को प्लेयर ऑफ द मैच और शाहरुख को स्ट्राइकर ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा। पहले हाफ में मैनपाट टाइटन्स आगे थी, लेकिन बैलाडीला बुल्स ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। प्रहलाद को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और करण धानुक को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
