केशकाल | ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर नगर पंचायत सख्त, जनप्रतिनिधि और व्यापारियों संग हुई अहम बैठक

Spread the love

नीरज उपाध्याय/केशकाल:- नगर पंचायत केशकाल में मंगलवार 19 मई 2026 को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, व्यापारी एवं दुकानदार बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य नगर की स्वच्छता व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, व्यवस्थित और प्रभावी बनाना रहा।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने नगर क्षेत्र में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की। इस दौरान गीले कचरे, सूखे कचरे, सेनेटरी व हानिकारक कचरे के पृथक्करण की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सभी की सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने आम नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने में सहयोग की बात कही। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आने वाले दिनों में नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक एवं प्रेरित किया जाएगा।

नगर पंचायत प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ नगर निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *