Charan Das Mahant Letter | Mahant’s letter demands this from the CM.
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने और बैठकों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर सदन में पर्याप्त चर्चा होनी चाहिए।
किसानों से लेकर शिक्षा तक के मुद्दे
15 अक्टूबर को लिखे पत्र में महंत ने किसानों की परेशानी, बिजली संकट, कानून-व्यवस्था, जर्जर सड़कें, स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं सहित जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों का जिक्र किया। उनके मुताबिक, इन समस्याओं पर गंभीर चर्चा और ठोस निर्णय लेने के लिए जनप्रतिनिधियों को पर्याप्त समय मिलना जरूरी है।
कम समय में छूट जाते हैं सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पिछले कुछ सत्रों में सीमित कार्यावधि के कारण कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा नहीं हो पाती। ध्यानाकर्षण, स्थगन और शून्यकाल से जुड़ी सूचनाओं पर भी पर्याप्त समय नहीं मिल पाता, जिससे विपक्ष को जनसमस्याएं उठाने का अवसर सीमित हो जाता है।
सभी दलों से चर्चा का सुझाव
महंत ने कहा कि जब जनता की समस्याओं पर सदन में पर्याप्त चर्चा नहीं होती, तो असंतोष धरने और आंदोलनों के रूप में सामने आ सकता है। उन्होंने स्कूली बच्चों के समस्याओं को लेकर सड़कों पर उतरने को भी चिंताजनक बताया।
उन्होंने मुख्यमंत्री से विधानसभा अध्यक्ष, कार्यमंत्रणा समिति और सभी दलों के नेताओं के साथ चर्चा कर सत्र के कार्यदिवस बढ़ाने की व्यवस्था बनाने का आग्रह किया है। अब इस मांग पर सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
