Chhattisgarh | पीएम आवास के नाम पर लाखों की वसूली, दो ठेकेदारों पर FIR

Spread the love

Chhattisgarh: Lakhs of rupees recovered in the name of PM housing, FIR against two contractors

कबीरधाम, 16 अक्टूबर। गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना दिखाकर उनकी राशि लेने और निर्माण नहीं कराने के आरोप में कबीरधाम जिले में दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत बैगा जनजाति के नौ हितग्राहियों से कथित तौर पर 5.09 लाख रुपये लेने का है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने साफ कहा है कि गरीबों के आवास की राशि में गड़बड़ी और हितग्राहियों के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दो पंचायतों में सामने आए मामले

जानकारी के मुताबिक, बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत राजाढ़ार के पांच हितग्राहियों से ठेकेदार कुमार मेरावी पर 3.20 लाख रुपये लेने और करीब डेढ़ साल बाद भी आवास नहीं बनाने का आरोप है। शिकायत के आधार पर 14 अक्टूबर को चिल्फी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया।

वहीं, ग्राम पंचायत आमानारा के चार हितग्राहियों से 1.89 लाख रुपये लेने की शिकायत पर ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ 13 अक्टूबर को तरेगांव जंगल थाने में एफआईआर दर्ज की गई।

गरीबों के हक पर सरकार सख्त

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का मकसद जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देना है। खासकर विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि आवास निर्माण में लापरवाही या राशि के दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रभावित परिवारों को उनकी राशि या आवास का लाभ कब तक मिल पाता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *