Chhattisgarh | Works worth Rs 244 crore approved in Chhattisgarh, Raipur also gets a big gift!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क और पुल निर्माण को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 18 निर्माण कार्यों के लिए 243.81 करोड़ रुपये की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें 12 पुल और 6 सड़क निर्माण व मजबूतीकरण के काम शामिल हैं। अब चयनित एजेंसियों को जल्द कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर में दो बड़े काम
राजधानी रायपुर के फुण्डहर चौक पर 29.80 करोड़ रुपये की लागत से ओवरपास बनाया जाएगा। वहीं, रायपुरा चौक फ्लाईओवर के दोनों ओर 3.66 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड चौड़ी की जाएगी। इसके लिए करीब 14.97 करोड़ रुपये की निविदा मंजूर हुई है। इन कामों से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात आसान होने की उम्मीद है।
बस्तर से सरगुजा तक बनेंगे पुल
बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी पर 36.06 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। बस्तर जिले में हान्दावाड़ा नदी समेत कई नदी-नालों पर पुल बनेंगे। राजनांदगांव, कोंडागांव, कांकेर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और सरगुजा जिलों में भी पुल निर्माण के कामों को मंजूरी मिली है।
इसके अलावा जांजगीर-चांपा, सूरजपुर, रायपुर और बेमेतरा में सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के काम होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को जल्द काम शुरू कराने और गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि मंजूर काम जमीन पर कितनी तेजी से शुरू होते हैं और लोगों को इनका लाभ कब तक मिलता है।
