Digital Crop Survey Payment | Digital Crop Survey money stuck? The Agriculture Department has taken action!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रॉप सर्वे करने वाले सर्वेयरों के मानदेय भुगतान को लेकर शिकायत सामने आई है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत मिलने के बाद कृषि विभाग ने मामले का परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
2,333 लाख रुपये का आवंटन जारी
कृषि विभाग के अनुसार, एग्रीस्टैक परियोजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में सर्वेयरों के मानदेय भुगतान के लिए कुल 2,333.33 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के रूप में 1,399.99 लाख रुपये और दूसरी किस्त में 933.33 लाख रुपये का प्रावधान है।
विभागीय पत्र में उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस राशि में से 1,109.16 लाख रुपये खर्च किए जाने की रिपोर्ट है। यह कुल आवंटन का 47.54 प्रतिशत है। शेष राशि के खर्च और भुगतान की स्थिति का परीक्षण किया जाना है।
बालोद के सर्वेयर ने की थी शिकायत
मामला बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के रेंगाडबरी गांव निवासी सत्यानंद नायक की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम करने के बावजूद उन्हें अब तक मानदेय नहीं मिला है।
शिकायत मिलने के बाद कृषि विभाग ने उपलब्ध अभिलेखों और आवंटन की जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
भुगतान पर अब क्या होगा?
फिलहाल विभागीय प्रक्रिया के तहत शिकायत में बताए गए तथ्यों की जांच और निराकरण किया जाना है। हालांकि, विभाग की ओर से शिकायतकर्ता को भुगतान की निश्चित तारीख की जानकारी नहीं दी गई है।
