Chhattisgarh | Now you can earn money from the electricity of the village!
जशपुर। अब गांव सिर्फ बिजली का इस्तेमाल ही नहीं करेगा, बल्कि बिजली बनाकर कमाई भी करेगा। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के कुंजारा में प्रदेश का पहला पंचायत आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सोलर प्लांट का लोकार्पण किया।
इस संयंत्र से हर साल करीब 4 लाख यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है। उत्पादित बिजली सीधे ग्रिड में जाएगी और वर्चुअल नेट मीटरिंग के जरिए जिले के सरकारी कार्यालयों की बिजली खपत से समायोजित होगी। इसके बदले ग्राम पंचायत को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा। इससे पंचायत को सालाना करीब 18.75 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है।
इस राशि का उपयोग ग्राम सभा के प्रस्ताव के अनुसार गांव के विकास और जरूरी सुविधाओं पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों के पास आय के स्थायी स्रोत होने से ग्रामीण आत्मनिर्भरता मजबूत होगी और कुंजारा दूसरे गांवों के लिए मॉडल बनेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण और श्री टोली तथा कुंजारा में दो सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा भी की।
उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की।
