Chhattisgarh: Door-to-door survey from November 30, who will be included in the literacy campaign?
रायपुर। छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर राज्य बनाने के लिए सरकार अब नया अभियान शुरू करने जा रही है। ‘मिशन उल्लास 100’ के तहत 30 नवंबर से घर-घर सर्वे कर 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र के असाक्षर लोगों की पहचान की जाएगी। लक्ष्य वर्ष 2026-27 में प्रदेश को पूर्ण साक्षर बनाना है।
सर्वेक्षण 30 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों और वार्डों में चलेगा। इसके लिए मतदाता सूची, राशन कार्ड, मनरेगा मस्टर रोल और पिछली साक्षरता परीक्षा में अनुपस्थित या अनुत्तीर्ण शिक्षार्थियों की सूची का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
अभियान में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी सहयोग करेंगे। ईंट भट्ठों, निर्माण स्थलों, पलायन करने वाले परिवारों, दूरस्थ इलाकों, जेलों और नक्सली पुनर्वास केंद्रों में भी असाक्षरों की पहचान की जाएगी।
चिन्हांकित लोगों के लिए 5 से 6 शिक्षार्थियों के छोटे समूह बनाकर साक्षरता कक्षाएं चलाई जाएंगी। प्रत्येक शिक्षार्थी को 200 घंटे का पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा। स्कूलों में शनिवार के बैगलेस डे पर नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रभात फेरी के जरिए जागरूकता फैलाई जाएगी।
15 से 25 दिसंबर तक छूटे परिवारों का सत्यापन होगा। इसके बाद 25 से 31 दिसंबर तक 5 से 10 प्रतिशत घरों का रैंडम सत्यापन किया जाएगा। 31 दिसंबर से महापरीक्षा तक नियमित कक्षाएं और परीक्षा की तैयारी चलेगी।
