Chhattisgarh | Who got the minister to perform the groundbreaking ceremony for a school building worth Rs 75 lakh in Raigarh?
रायगढ़। जिले के रामभांठा में 75 लाख रुपये की लागत से नया स्कूल भवन बनाया जाएगा। वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने 15 अक्टूबर को भवन निर्माण का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मंत्री ने विद्यालय के शाला नायक सुमन के हाथों भूमिपूजन कराया।
10वीं से 12वीं तक पढ़ाई की सुविधा
रामभांठा स्कूल को वर्ष 2025 में हाई स्कूल से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के रूप में उन्नत किया गया था। अब यहां 12वीं तक पढ़ाई हो रही है। नए भवन के निर्माण से रामभांठा और आसपास के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नया भवन केवल इमारत नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और सपनों को पूरा करने की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
अपनी कहानी से बच्चों को किया प्रेरित
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए चौधरी ने अपने जीवन का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उनका जन्म रायगढ़ से करीब 17 किलोमीटर दूर बायंग गांव में हुआ था। आठ साल की उम्र में पिता को खोने के बाद भी उन्होंने शिक्षा के दम पर भारतीय प्रशासनिक सेवा तक का सफर तय किया और आज वित्त मंत्री हैं।
उन्होंने बच्चों से मेहनत करने, बड़े सपने देखने और पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
