Chhattisgarh: The Rautia community received a gift of Rs 1 crore!
जशपुर। रौतिया समाज की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के कंडोरा में एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने सोहराई करमा महोत्सव में शामिल होकर नवनिर्मित रौतिया समाज भवन और अखरा विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही सामाजिक भवन परिसर में स्थायी मंच और बाउंड्रीवॉल निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रौतिया समाज की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को संरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और नई पीढ़ी को आधुनिक अवसरों के साथ अपनी जड़ों से जोड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में पारंपरिक करमा नृत्य और गजमाला से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि समाज भवन सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।
सीएम ने सरकार के तीन साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए महतारी वंदन योजना के तहत 33 किश्तों में 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि दिए जाने की जानकारी दी। किसानों के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का भी उल्लेख किया।
रामलला दर्शन योजना से 55 हजार से अधिक श्रद्धालुओं और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से 10 हजार से अधिक बुजुर्गों को लाभ मिलने की जानकारी दी। सेवा सेतु के जरिए 900 से अधिक सेवाएं और 6 हजार गांवों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जाने की बात भी कही।
