CM’s amazing performance in Chaupal | Everyone from sisters to children got a surprise
कबीरधाम। कबीरधाम जिले के पंडरिया क्षेत्र के कमरखोल गांव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का अनोखा चौपाल दौरा देखने को मिला. गर्मी के बीच गांव में आम पेड़ के नीचे लगी चौपाल में सीएम खुद ग्रामीणों के बीच बैठ गए.
यहां लखपति दीदियों की सफलता देखकर मुख्यमंत्री काफी खुश नजर आए. उन्होंने महिलाओं से बातचीत करते हुए कहा कि अब मेहनत और बढ़ाइए और करोड़पति बनने की दिशा में आगे बढ़िए. गांव में 58 लखपति दीदियां विभिन्न कामों से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं.
एक दीदी ने महुआ और चार भेंट किया तो मुख्यमंत्री मुस्कुराते हुए भावुक हो गए. वहीं एक दीदी सब्जी, कोई मटेरियल सप्लाई और कोई पशुपालन से सालाना लाखों की कमाई कर रही है.
चौपाल में माहौल उस वक्त और खास हो गया जब एक नवजात का नाम मुख्यमंत्री ने “रविशंकर बघेल” रखा और बच्चे को आशीर्वाद के साथ 500 रुपये भी दिए. तालियों की गूंज से पूरा गांव भर गया.
मेधावी छात्रों से मुलाकात में मुख्यमंत्री ने IAS बनने का सपना देख रहे छात्र को प्रोत्साहित किया और पेन देकर शुभकामनाएं दीं. वहीं 75% और 94.5% अंक लाने वाले छात्रों को भी सम्मान मिला.
इसके साथ ही गांव के लिए सामुदायिक भवन, 6 किमी सड़क, मुक्तिधाम शेड और महतारी सदन जैसी कई बड़ी घोषणाएं भी की गईं.
