Chhattisgarh | New avenues will open in Chhattisgarh, big preparations underway with IISc!
रायपुर। छत्तीसगढ़ को विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु के निदेशक और वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ बैठक कर तीन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर चर्चा की। इनका मकसद प्रदेश में आधुनिक शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा देना है।
बैठक में सबसे अहम प्रस्ताव विश्वस्तरीय मटेरियल कैरेक्टराइजेशन और टेस्टिंग सेंटर की स्थापना का रहा। इससे खनिज, इस्पात, धातु और ऊर्जा से जुड़े उद्योगों को आधुनिक परीक्षण और अनुसंधान की सुविधा मिल सकती है। प्रस्ताव के मुताबिक, यहां तीन साल में करीब 1,800 विद्यार्थियों को तकनीकी प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।
दूसरा प्रस्ताव विज्ञान और गणित के बेहतर शिक्षक तैयार करने के लिए चार वर्षीय एकीकृत बीएससी-बीएड संस्थान खोलने का है। इसमें आधुनिक प्रयोगशालाओं और शिक्षण सुविधाओं के साथ 600 विद्यार्थियों की आवासीय क्षमता विकसित करने की योजना है।
तीसरी पहल चिकित्सा अनुसंधान और आधुनिक स्वास्थ्य तकनीकों से जुड़ी है। इसके तहत डिजिटल हेल्थ, AI आधारित स्वास्थ्य सेवाओं, किफायती जांच तकनीकों और मेडिकल रिसर्च में IISc की विशेषज्ञता का लाभ लेने पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने खास तौर पर बस्तर और सरगुजा सहित दूरस्थ व जनजातीय इलाकों के युवाओं तक इन सुविधाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। अधिकारियों को परियोजनाओं की व्यवहार्यता जांचकर ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि, फिलहाल ये प्रस्तावित परियोजनाएं हैं। इनके लागू होने से प्रदेश में शिक्षा, उद्योग और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए अवसर खुल सकते हैं।
