Chhattisgarh Liquor Scam | Preparations are underway for the return of Vikas Agarwal, arrested in Dubai, to India.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के करीब 3,200 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। लंबे समय से फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सब्बू को दुबई से भारत लाने की तैयारी शुरू हो गई है। यूएई प्रशासन उसे प्रत्यर्पण के बजाय डिपोर्टेशन यानी निर्वासन प्रक्रिया के तहत भारत भेजेगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ पुलिस और आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (EOW/ACB) की टीम UAE जाने की तैयारी में है। उसकी वापसी एक सप्ताह के भीतर हो सकती है।
विकास अग्रवाल को अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में दुबई में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वह यूएई अधिकारियों की हिरासत में है। आव्रजन कानूनों के कथित उल्लंघन के आधार पर उसके निर्वासन की प्रक्रिया शुरू हुई है। इसकी जानकारी इंटरपोल और CBI के जरिए भारतीय अधिकारियों तक पहुंची।
विकास की वापसी के लिए विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, CBI, ED और छत्तीसगढ़ सरकार के बीच समन्वय किया जा रहा है। विदेश जाने वाली टीम में चुनिंदा राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी शामिल होंगे।
ED के आरोपों के मुताबिक विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट में कमीशन वसूली और रकम कारोबारी अनवर ढेबर तक पहुंचाने में भूमिका निभाता था। जांच 2019 से 2023 के बीच शराब कारोबार में कथित गड़बड़ियों और वित्तीय नेटवर्क पर केंद्रित है।
ED ने कथित अपराध से अर्जित आय 2,883 करोड़ रुपये से अधिक बताई है। PMLA के तहत छह अभियोजन शिकायतों में 85 आरोपियों के नाम शामिल हैं।
अब विकास की वापसी के बाद पूछताछ में कथित कमीशन, पैसों के लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े लोगों को लेकर नए खुलासे होने की उम्मीद है।
