Chhattisgarh | छत्तीसगढ़ को पीएम स्वनिधि में पांच राष्ट्रीय पुरस्कार!

Spread the love

Chhattisgarh | Chhattisgarh gets five national awards under PM Swanidhi!

रायपुर। छत्तीसगढ़ को पीएम स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। राज्य को स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में कुल पांच पुरस्कार मिले हैं। इनमें ‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ पहल को इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेस श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान मिला है।

इस मॉडल के तहत मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना की मोबाइल मेडिकल यूनिट को पीएम स्वनिधि के ऋण शिविरों से जोड़ा गया। यानी अब पथ विक्रेताओं को एक ही जगह मुफ्त स्वास्थ्य जांच, दवाइयां और बैंक ऋण की सुविधा मिल रही है।

ऋण आवेदनों में तीन गुना बढ़ोतरी

पहले ऋण शिविरों में 50 से 60 पथ विक्रेता पहुंचते थे। मोबाइल मेडिकल यूनिट जुड़ने के बाद यह संख्या बढ़कर 120 से 150 हो गई। वहीं, प्रति शिविर ऋण आवेदन 20-25 से बढ़कर 60-70 तक पहुंच गए।

सितंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच 31 हजार 56 स्वास्थ्य शिविरों के जरिए 66 हजार 959 पात्र ऋण आवेदन मिले। इनमें 48 हजार 523 आवेदन स्वीकृत हुए और 46 हजार 81 पथ विक्रेताओं को कुल 92.93 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया।

महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी

इस पहल से महिला पथ विक्रेताओं की भागीदारी 45 प्रतिशत से बढ़कर 68 प्रतिशत हो गई। प्रदेश के 172 नगरीय निकायों में 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य सेवाएं दे रही हैं।

नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की मौजूदगी में राज्य की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *