Chhattisgarh | राज्योत्सव में वन विभाग ने मारी बाजी, मिला पहला पुरस्कार!

Spread the love

Chhattisgarh: Forest department wins first prize in State Festival!

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रदर्शनी ने बाजी मार ली है। ‘बदलता बस्तर-संवरता छत्तीसगढ़’ थीम पर तैयार इस प्रदर्शनी को विभागीय प्रदर्शनियों की श्रेणी में पहला पुरस्कार मिला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्योत्सव के समापन समारोह में विभाग को सम्मानित किया।

प्रदर्शनी में बस्तर की बदलती तस्वीर, पर्यटन, रोजगार और वन्यजीव संरक्षण की झलक दिखाई गई। सबसे खास आकर्षण सुकमा के तुंगल डैम का ‘तुंगल कैफे’ रहा, जिसका संचालन मुख्यधारा में लौट चुकी पूर्व महिला नक्सली कर रही हैं। यहां स्थानीय युवा पर्यटकों को नौकायन और कयाकिंग की सुविधा देकर रोजगार कमा रहे हैं।

इसके अलावा धुड़मारास गांव के होमस्टे, कोंडागांव की पुष्पाल घाटी के इको-कॉटेज, तीरथगढ़ जलप्रपात और इंद्रावती टाइगर रिजर्व के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी में बस्तर की 572 देवगुड़ियों के जीर्णोद्धार और कांगेर घाटी में सफारी से 200 युवाओं को रोजगार मिलने की जानकारी दी गई।

वन्यजीव संरक्षण के तहत कोपरा जलाशय को रामसर स्थल का दर्जा, बारनवापारा में काले हिरणों की वापसी और गिद्ध संरक्षण के प्रयास भी दिखाए गए। हाथियों की गतिविधियों की जानकारी देने वाले ‘गज संकेत’ ऐप को भी प्रदर्शित किया गया।

डिजिटल गेम, 360 डिग्री वर्चुअल रियलिटी और छत्तीसगढ़ हर्बल्स के उत्पादों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। कुल मिलाकर प्रदर्शनी में वन संरक्षण के साथ बस्तर में रोजगार और पर्यटन की नई संभावनाओं को सामने रखा गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *