Chhattisgarh Cricketer | Raipur’s son did wonders…
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व का बड़ा मौका आया है। रायपुर के युवा बल्लेबाज आयुष पांडे ने ऐसा कमाल किया है कि अब वे इंडिया A की जर्सी में नजर आएंगे। श्रीलंका दौरे के लिए चुनी गई टीम में 22 वर्षीय आयुष को जगह मिली है।
घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बरसाने वाले आयुष पांडे का सपना आखिरकार सच हो गया। रणजी ट्रॉफी में उनके बल्ले ने खूब आग उगली थी और दिल्ली के खिलाफ खेली गई 183 रन की शानदार पारी ने चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी तरफ खींच लिया था।
आयुष अब सिर्फ रायपुर या छत्तीसगढ़ का नाम नहीं, बल्कि पूरे देश की उम्मीद बनकर श्रीलंका दौरे पर जाएंगे। उनके चयन से प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है।
अगर आंकड़ों की बात करें तो आयुष ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 19 मैचों में 1430 रन बनाए हैं। उनके नाम 4 शतक और 5 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं लिस्ट-A क्रिकेट में भी उन्होंने शानदार औसत से रन बनाए हैं।
इंडिया A टीम में चयन के साथ अब आयुष के सामने भारतीय सीनियर टीम का दरवाजा भी खुलता नजर आ रहा है। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए यह उपलब्धि किसी बड़े सम्मान से कम नहीं मानी जा रही।
