कोंडागांव। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने शुक्रवार को फरसगांव थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग, गुम इंसान एवं अन्य प्रकरणों की जानकारी लेकर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
एसपी ने थाना के रोजनामचा, अपराध पंजी, अभिलेख संधारण, मालखाना, शस्त्रागार एवं आर्म्स-एम्युनेशन का निरीक्षण कर संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई और अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर देते हुए थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में पदस्थ प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों से भी चर्चा की और उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली, विवेचना, कानून- व्यवस्था संधारण तथा आम नागरिकों से बेहतर व्यवहार संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को अनुशासन, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सलाह दी।
पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ को लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, अपराध नियंत्रण, प्रभावी पेट्रोलिंग और आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थानों की नियमित समीक्षा और निरीक्षण किया जा रहा है।
