Chhattisgarh | दिसंबर तक काम पूरा नहीं हुआ तो ठेकेदारों पर गिरेगी गाज!

Spread the love

Chhattisgarh | If the work is not completed by December, the contractors will be punished!

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्यों में देरी और गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाया है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने राजनांदगांव में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को पुराने और लंबित निर्माण कार्य दिसंबर तक हर हाल में पूरे करने के निर्देश दिए।

सचिव ने बारिश के कारण रुके काम जल्द शुरू कराने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि गुणवत्ताहीन काम करने और तय समय-सीमा का पालन नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जाए।

बैठक में सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों से कहा गया कि निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें और तकनीकी मानकों के मुताबिक गुणवत्ता सुनिश्चित करें। जिन कार्यों की प्रगति धीमी है, उनकी वजह पता कर जरूरी कार्रवाई की जाए।

भवन निर्माण, मरम्मत और रखरखाव के कामों को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों का जल्द समाधान करने को कहा गया।

बैठक में श्रमिकों के भुगतान पर भी जोर दिया गया। सचिव ने निर्देश दिए कि दीपावली से पहले निर्माण कार्यों में लगे सभी श्रमिकों को मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। भुगतान में लापरवाही मिलने पर जरूरी कार्रवाई की जाए।

बैठक में कलेक्टर जितेंद्र यादव, जिला पंचायत CEO दुर्गा प्रसाद अधिकारी और PWD के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *