Chhattisgarh: Fraud in Janman Awas, FIR against third contractor
कबीरधाम। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्का मकान दिलाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। कबीरधाम जिले में अब तीसरे ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस बार बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला में हितग्राहियों से पैसे लेने और मकान का काम पूरा नहीं करने के आरोप में शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान पर कार्रवाई हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम दुलदुला, ग्राम पंचायत बेंदा के तीन हितग्राहियों राजिम धुर्वे, सोनेलाल धुर्वे और छिरवैया धुर्वे के नाम प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुए थे। आरोप है कि ठेकेदार ने आवास निर्माण का काम करने के लिए उनसे रकम ली, लेकिन मकान पूरे नहीं किए। पैसे वापस मांगने पर भी राशि नहीं लौटाई गई।
शिकायत के अनुसार, तीनों हितग्राहियों से 80-80 हजार रुपये, यानी कुल 2 लाख 40 हजार रुपये लेने का आरोप है। मामले में चिल्फी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
उप मुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने साफ कहा है कि आवास के नाम पर हितग्राहियों से धोखाधड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इससे पहले ठेकेदार तुमेश गोड़ और कुमार मेरावी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
अब तक तीन ठेकेदारों पर कुल 7 लाख 49 हजार रुपये की कथित ठगी के आरोप में मामले दर्ज किए गए हैं।
