Chhattisgarh | Sachin Pilot bids farewell to Chhattisgarh, Sukhdev Bhagat takes over the reins
रायपुर। कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल हुआ है। पार्टी हाईकमान ने छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिन पायलट को हटाकर झारखंड के वरिष्ठ नेता सुखदेव भगत को प्रदेश का नया प्रभारी बनाया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी महासचिव के पद से हटाकर असम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से संगठन में बदलाव को लेकर आदेश जारी किया गया है। नए बदलाव के मुताबिक अब सुखदेव भगत छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन की कमान संभालेंगे।
भूपेश बघेल को असम की जिम्मेदारी
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब के प्रभारी पद से हटाकर असम का प्रभारी महासचिव बनाया गया है। बघेल अब असम में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
सचिन पायलट अब पंजाब के प्रभारी
वहीं सचिन पायलट को छत्तीसगढ़ से हटाकर पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने पायलट को बड़ी जिम्मेदारी दी है।
इस फेरबदल के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में भी नई रणनीति और संगठनात्मक बदलावों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

