Natarajan Nomination Cancelled | Bhupesh Baghel sat on a sit-in protest outside the Election Commission overnight.
रायपुर डेस्क। मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई बड़े नेता मंगलवार रात दिल्ली में चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि रिटर्निंग ऑफिसर ने शाम 5:30 बजे सुनवाई का समय दिया, लेकिन उसी वक्त दफ्तर बंद हो गया। ऐसे में कांग्रेस के पास अपना आवेदन जमा करने का मौका ही नहीं बचा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का दफ्तर भी बंद मिला, जिसके बाद धरना देने पर क्लर्क ने आवेदन लिया।
पूरा विवाद मीनाक्षी नटराजन के नामांकन खारिज होने से शुरू हुआ। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि उन्होंने हैदराबाद कोर्ट में लंबित एक मामले की जानकारी नामांकन पत्र में छिपाई है। जवाब से असंतुष्ट होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका नामांकन रद्द कर दिया।
कांग्रेस इसे राजनीतिक साजिश बता रही है। पार्टी का दावा है कि जिस मामले को आधार बनाकर नामांकन खारिज किया गया, वह न तो आपराधिक मामला है और न ही कोर्ट ने उसमें संज्ञान लिया है। कांग्रेस अब इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाने की तैयारी में है।
नामांकन रद्द होने के बाद अब राज्यसभा की तीनों सीटों पर सिर्फ बीजेपी उम्मीदवार ही मैदान में बचे हैं, जिससे उनके निर्विरोध चुने जाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
