कोंडागांव | स्वास्थ्य विभाग में बड़ी कार्रवाई: वित्तीय अनियमितता मामले में तीन अधिकारियों की सेवा समाप्त…

Spread the love

नीरज उपाध्याय/कोंडागांव:- राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) छत्तीसगढ़ ने कोंडागांव जिले में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संविदा अधिकारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। कार्रवाई की जद में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) भावना महलवार, जिला लेखा प्रबंधक (DAM) शीतल कुमार ताम्रकार तथा जिला प्रशिक्षण समन्वयक (DTC) दिलीप कुमार मधुकर आए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, विधानसभा में उठे मुद्दे और स्वास्थ्य मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद वर्ष 2022-23 से 2024-25 तक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों में हुई निविदा प्रक्रियाओं की जांच के लिए स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय द्वारा चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट में पाया कि तत्कालीन सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों द्वारा नियमों, निर्देशों और निर्धारित प्रक्रियाओं की अवहेलना करते हुए कार्य संपादित किए गए, जो वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आते हैं।

जांच प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कर्मचारियों की हड़ताल अवधि के दौरान खरीद संबंधी कार्यों में नियमों का पालन नहीं किया गया। वहीं भंडार शाखा में संचालित स्टॉक पंजी के संधारण एवं भौतिक सत्यापन में भी लापरवाही सामने आई है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। हालांकि राज्य कार्यालय ने उनके जवाब को संतोषजनक नहीं माना। इसके बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मानव संसाधन नीति-2018 की कंडिका 34.3 के तहत तीनों अधिकारियों की संविदा सेवाएं समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया गया।

इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *