Chhattisgarh shines in Swanidhi Yojana, receives 5 national awards!
रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। इनमें दो राज्य स्तर पर और तीन नगरीय निकायों को मिले हैं।
छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान मिला। उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों पुरस्कार ग्रहण किए।
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में भी छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों ने शानदार प्रदर्शन किया। एक लाख से कम आबादी वाले निकायों में बड़े बचेली ने देश में पहला और दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले निकायों में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा स्थान मिला।
नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में हुए समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि ये पुरस्कार छोटे कारोबारियों और पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम हैं।
वहीं, अरुण साव ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के जरिए पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
