Chhattisgarh | जैव विविधता बचाने के लिए छत्तीसगढ़ में नए नियमों की तैयारी!

Spread the love

Chhattisgarh: New rules are being prepared in Chhattisgarh to save biodiversity!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए नए नियम बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य जैव विविधता बोर्ड ने प्रस्तावित राज्य जैव विविधता नियम, 2026 के प्रारूप पर विशेषज्ञों और विभिन्न हितधारकों के साथ रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की। इसमें नियमों को प्रभावी बनाने और उनके क्रियान्वयन में आने वाली दिक्कतों पर चर्चा हुई।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद्, विभागीय अधिकारी और जैव विविधता संरक्षण से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

जैविक संसाधनों के इस्तेमाल पर भी होगी नजर

राज्य जैव विविधता बोर्ड के सदस्य सचिव अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि जैव विविधता अधिनियम, 2002 में संशोधन और राष्ट्रीय स्तर पर बदली नियामक व्यवस्था के अनुरूप राज्य में नए नियम बनाना जरूरी है। इसके लिए सभी संबंधित पक्षों के सुझाव महत्वपूर्ण हैं।

कार्यशाला में जैव विविधता प्रबंधन समितियों (BMC) को मजबूत बनाने और लोक जैव विविधता पंजियों (PBR) के निर्माण व अद्यतन पर जोर दिया गया। साथ ही जैविक संसाधनों तक पहुंच और उनसे मिलने वाले लाभ के बंटवारे की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।

जैविक संसाधनों का व्यापार करने वाली कंपनियों और कारोबारियों की जिम्मेदारी पर भी विचार किया गया। बोर्ड ने कहा कि कार्यशाला में मिले सुझावों को प्रस्तावित नियमों में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य संरक्षण के साथ जैविक संसाधनों का सतत उपयोग सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *