नीरज उपाध्याय/कोंडागांव:- छत्तीसगढ़ में हुई बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कोंडागांव में कांग्रेस ने बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने दो लेयर की बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। अंत मे बस स्टैंड में कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाते हुए जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन के दौरान भी पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की देखने को मिली।
बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को कोंडागांव में बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। बिजली विभाग कार्यालय के बाहर दो स्तर की बैरिकेडिंग लगाई गई थी, ताकि प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर में प्रवेश करने से रोका जा सके। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहली बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को काफी मशक्कत करनी पड़ी, हालांकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि घोष ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही बिजली दरों से आम जनता, किसान और छोटे व्यापारी परेशान हैं और सरकार जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। कार्यालय घेराव के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में बस स्टैंड पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया गया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
