केशकाल | पर्यावरण दिवस पर टाटामारी में हुआ पौधरोपण और बाल उद्यान का लोकार्पण, विधायक टेकाम ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Spread the love

केशकाल:- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन मंडल केशकाल द्वारा ईको पर्यटन केंद्र टाटामारी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक केशकाल श्री नीलकंठ टेकाम रहे। उनके साथ विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वनमंडलाधिकारी दिव्या गौतम ने की। इस अवसर पर विधायक नीलकंठ टेकाम ने ईको पर्यटन केंद्र टाटामारी में नवनिर्मित बाल उद्यान का लोकार्पण किया। बाल उद्यान के प्रारंभ होने से क्षेत्र के बच्चों एवं पर्यटकों को मनोरंजन और प्रकृति से जुड़ने का नया केंद्र मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अतिथियों, अधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा पौधरोपण किया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान लगभग 150 किलोग्राम कचरे का संग्रहण किया गया। उपस्थित लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी के महत्व से अवगत कराया गया।

अपने संबोधन में विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने प्लास्टिक प्रदूषण को पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बताते हुए इसके उपयोग को कम करने और समाज को प्लास्टिक मुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री टेकाम ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों को 15 अगस्त 2026 तक ईको पर्यटन केंद्र टाटामारी को प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई। सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *