Chhattisgarh | धान खरीदी में तेजी, 4.43 लाख टन धान खरीदा गया

Spread the love

Chhattisgarh: Paddy procurement picks up, 4.43 lakh tonnes purchased

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का महाभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। 26 नवंबर तक प्रदेश में 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। इस दौरान 91 हजार 614 किसानों ने समर्थन मूल्य पर अपना धान बेचा है। एक ही दिन यानी 26 नवंबर को 82 हजार 746 मीट्रिक टन धान खरीदा गया।

प्रदेश में फिलहाल 2590 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी चल रही है। किसानों की सुविधा के लिए इस साल 360 नए केंद्र भी शुरू किए गए हैं। सरकार का दावा है कि खरीदी केंद्रों पर पेयजल, बैठने और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

धान बेचने के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। किसान ‘टोकन तुंहर हाथ’ एप के जरिए घर बैठे अपनी धान विक्रय की तारीख तय कर सकते हैं, जिससे केंद्रों में अनावश्यक भीड़ से बचने में मदद मिल रही है।

इस खरीफ सीजन में 28 लाख से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी रखने और किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं। आने वाले दिनों में खरीदी की रफ्तार और बढ़ने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *