Chhattisgarh | गांवों में बनेंगी 23 हजार आजीविका डबरियां, महिलाओं को मिलेगा बड़ा फायदा

Spread the love

Chhattisgarh: 23,000 livelihood ponds to be built in villages, benefiting women greatly.

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गांवों में जल संरक्षण के साथ रोजगार और आमदनी बढ़ाने की नई पहल तेज हो रही है। वीबी जीरामजी योजना के तहत आजीविका डबरी निर्माण अभियान में अब तक 23 हजार से ज्यादा डबरियों को मंजूरी मिल चुकी है। जबकि चालू वित्तीय वर्ष में लक्ष्य 20 हजार डबरियों का था।

पिछले साल भी इस योजना के तहत 10 हजार डबरियों के लक्ष्य के मुकाबले 15 हजार डबरियों का निर्माण किया गया था। यानी लक्ष्य से 50 प्रतिशत ज्यादा काम हुआ। अब इस साल भी स्वीकृतियां तय लक्ष्य से आगे निकल गई हैं।

खास बात यह है कि डबरियां महिलाओं और विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) परिवारों की निजी भूमि पर बनाई जा रही हैं। सूचना पटल पर महिलाओं के नाम दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें अपनी संपत्ति और आय के साधन पर अधिकार मिलेगा।

इन डबरियों से सिर्फ पानी का संरक्षण नहीं होगा, बल्कि मछली पालन, खेतों की सिंचाई और सब्जी उत्पादन के जरिए परिवारों की अतिरिक्त आमदनी भी बढ़ सकती है। निर्माण के दौरान ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार मिलेगा और बाद में यही डबरियां आजीविका का साधन बनेंगी।

अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 14 दिसंबर 2025 को की थी। सरकार के मुताबिक इसके प्रभाव से जल संकट वाले क्रिटिकल विकासखंडों की संख्या शून्य हो गई है, जबकि सेमी-क्रिटिकल विकासखंड 21 से घटकर 19 रह गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *