नीरज उपाध्याय/केशकाल:- कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम गारका स्थित डीएवी एमएमपीएस गारका विद्यालय ने CBSE कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों ने मेहनत और लगन से सफलता का परचम लहराया है। विद्यालय के छात्रों ने नियमित अध्ययन के साथ-साथ विद्यालय द्वारा संचालित रेमेडियल कक्षाओं का भरपूर लाभ उठाया, जिसका परिणाम इस वर्ष के शानदार परीक्षा परिणामों में देखने को मिला। कोंडागांव जिले में संचालित पांच डीएवी स्कूलों में डीएवी एमएमपीएस गारका का प्रदर्शन सबसे उत्कृष्ट रहा।
मेधावी छात्र-छात्राएं इस प्रकार रहे —
• रागनी जैन – 93% (प्रथम स्थान)
• मालनी बैध – 92% (द्वितीय स्थान)
• वंशिका ख्वास – 90% (तृतीय स्थान)
विशेष उल्लेखनीय है कि रागनी जैन ने न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि कोंडागांव जिले के सभी पांच डीएवी विद्यालयों में द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। कक्षा के कुल 41 विद्यार्थियों में से 3 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, 5 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक हासिल किए, वहीं 18 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कम संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट शिक्षा-
यह भी उल्लेखनीय है कि सीमित संसाधनों तथा राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार से अपेक्षित सहयोग की कमी के बावजूद विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी गई। शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का ही परिणाम है कि यहाँ के बच्चे अत्यंत प्रतिभाशाली साबित हुए हैं और अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और विद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ है।
