Chhattisgarh | What will farmers have to do now to get subsidy?
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कृषक उन्नति योजना खरीफ-2026 के तहत किसानों को मिलने वाली अनुदान राशि की प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को धान खरीदी पोर्टल, एग्रीस्टैक और डिजिटल क्रॉप सर्वे का डेटाबेस आपस में जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इससे किसानों को बार-बार दस्तावेज और जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मंत्रालय महानदी भवन में हुई समीक्षा बैठक में योजना की पात्रता और अनुदान वितरण की व्यवस्था पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि किसानों को अपनी फार्म आईडी की पुष्टि करने और अनुदान के लिए आवेदन करने की सरल सुविधा मिलनी चाहिए।
अनुदान के लिए ये शर्तें जरूरी
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य होगा। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे में संबंधित जमीन पर धान की फसल दर्ज होनी चाहिए। धान खरीदी पोर्टल के रिकॉर्ड के अनुसार कम से कम एक सफल खरीदी का लेन-देन भी जरूरी होगा।
टोकन जारी करते समय अनुदान वाले रकबे का सत्यापन किया जाएगा। खासकर पिछले साल धान नहीं बेचने वाले किसानों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
दलहन-तिलहन किसानों पर भी फोकस
बैठक में दलहन, तिलहन और कोदो-कुटकी-रागी जैसी मिलेट्स फसलों की खरीदी और इनके उत्पादकों को मिलने वाले प्रोत्साहन की जानकारी किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में योजना की शर्तों और आवेदन प्रक्रिया का प्रचार भी किया जाएगा।
