Chhattisgarh | बस्तर की बेटियों ने देशभर में बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान!

Spread the love

Chhattisgarh | Daughters of Bastar have raised the prestige of Chhattisgarh across the country!

रायपुर। गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ पुलिस और बस्तर के जवानों ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश का गौरव बढ़ाया। खास तौर पर बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो के आत्मविश्वास और मार्च पास्ट की जमकर सराहना हुई। अब उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने इन अधिकारियों से मुलाकात कर उनके अनुभव सुने।

4 नवंबर को हुई इस मुलाकात में विजय शर्मा ने जवानों को बधाई दी और उनके साहस, अनुशासन व मेहनत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि बस्तर की बेटियों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी ताकत और आत्मविश्वास दिखाकर पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन इलाकों की पहचान कभी नक्सल हिंसा और भय से जुड़ी थी, आज वहां की बेटियां देश के सामने अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। यह बदलते बस्तर की नई तस्वीर है।

परेड में डीएसपी बृज किशोर यादव ने द्वितीय कमान अधिकारी की जिम्मेदारी संभाली। डीएसपी जितेंद्र कुम्भकार आरक्षित टू-आईसी रहे। वहीं, डीएसपी कुलदीप बंजारे ने डीआरजी की पुरुष टुकड़ी और डीएसपी अमृता पैकरा ने डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स की महिला टुकड़ी का नेतृत्व किया। शरद जायसवाल, कविता ध्रुवे और प्रवीण भारती ने भी अहम जिम्मेदारियां निभाईं।

अधिकारियों ने बताया कि परेड के लिए उन्होंने लगातार कठिन अभ्यास किया था। उप मुख्यमंत्री ने उनके प्रदर्शन को प्रदेश के पुलिसकर्मियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *