Chhattisgarh Weather Update | News of relief amidst the scorching heat…
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेशभर में बारिश, मेघगर्जन, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई है। यानी जो गर्मी पिछले कई दिनों से लोगों को परेशान कर रही थी, अब उस पर ब्रेक लग सकता है।
रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 70 मिमी बारिश पेंड्रा रोड में हुई, जबकि बलौदा और महासमुंद में भी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में सोमवार को आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक, अंधड़ और बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। रविवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कुल मिलाकर अगले कुछ दिन छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने वाला है और लोगों को तपती गर्मी से राहत मिल सकती है।
