Chhattisgarh | नायब तहसीलदार ने सच सामने लाने के लिए मांगा नार्को टेस्ट

Spread the love

Chhattisgarh: Naib Tehsildar asks for narco test to bring out the truth

सीतापुर। सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच विवाद अब और बड़ा होता जा रहा है। मारपीट के आरोपों के बीच नायब तहसीलदार ने नया दांव चलते हुए नार्को टेस्ट कराने की मांग कर दी है। इस मांग के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

नायब तहसीलदार तुषार मानिक का आरोप है कि विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थक पहले से मारपीट के इरादे से पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि विधायक की बहन के साथ अभद्रता का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट की गई, जबकि ऐसा कुछ हुआ ही नहीं था। घटना के बाद एसडीएम फागेश सिन्हा उन्हें वहां से अंबिकापुर लेकर चले गए।

वहीं दूसरी तरफ विधायक रामकुमार टोप्पो लगातार आरोपों को खारिज कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं और सच्चाई जांच के बाद सामने आ जाएगी।

इस विवाद ने अब प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है। विधायक की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने सामूहिक अवकाश लेकर कलमबंद और कामबंद हड़ताल शुरू कर दी है। राजस्व अधिकारियों का कहना है कि 29 मई को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे अधिकारियों में भारी नाराजगी है।

मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तर पर तूल पकड़ लिया है। सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या सामने आता है और आगे प्रशासन क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *