Chhattisgarh | Now the Chhattisgarh Assembly will be paperless!
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के कामकाज में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। विधानसभा को डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) को लागू करने की तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आयोजित दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा हो गया है।
अधिकारियों को मिला तकनीकी प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के NeVA समन्वयक अमन गौतम और श्रीधर स्वामी ने एप्लीकेशन के अलग-अलग मॉड्यूल की जानकारी दी। इसमें एडमिन, प्रश्न और समिति मॉड्यूल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
अधिकारियों और कर्मचारियों को बताया गया कि विधानसभा के प्रश्न और सूचनाएं डिजिटल माध्यम से कैसे प्रस्तुत की जाएंगी। इसके साथ ही विधायी दस्तावेजों का ऑनलाइन प्रबंधन, सुरक्षित रख-रखाव और सदन से जुड़ी सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
एक ही प्लेटफॉर्म पर होंगे कई काम
NeVA के जरिए विधानसभा की विभिन्न संसदीय और विधायी प्रक्रियाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित करने का लक्ष्य है। इससे कागजों का इस्तेमाल कम होगा और कामकाज को ज्यादा व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
इस प्रशिक्षण में विधानसभा के साथ चिप्स और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।
इस पहल से समय और कागजी संसाधनों की बचत के साथ विधानसभा की कार्यक्षमता और पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।
