Chhattisgarh | Maha Aarti in Shivrinarayan, CM Sai gave a big message!
रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में महानदी के पावन तट पर चित्रोत्पला गंगा महाआरती का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी पत्नी कौशल्या देवी साय के साथ महाआरती में शामिल हुए। उन्होंने महानदी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
महानदी सिर्फ नदी नहीं, छत्तीसगढ़ की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि महानदी छत्तीसगढ़ की जीवनदायिनी होने के साथ यहां की आस्था, संस्कृति और सभ्यता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नदियों के प्रति श्रद्धा तभी सार्थक होगी, जब उनके संरक्षण और स्वच्छता की जिम्मेदारी भी निभाई जाएगी।
जल संरक्षण पर CM की अपील
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जल है तो कल है। आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए वर्षा जल की एक-एक बूंद बचाना जरूरी है। उन्होंने गांवों और शहरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोकपिट निर्माण और भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही तालाबों, कुओं और नदियों सहित सभी जल स्रोतों को स्वच्छ रखने की अपील की।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चल रहे जल संचय-जनभागीदारी अभियान का उल्लेख करते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद कमलेश जांगड़े सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस आयोजन के जरिए शिवरीनारायण की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।
