Chhattisgarh | छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं पर CM का बड़ा एक्शन!

Spread the love

Chhattisgarh | CM takes major action on health services in Chhattisgarh!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए हैं। मंत्रालय महानदी भवन में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक दवाइयां, डॉक्टर और जांच सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए।

6 नए मेडिकल कॉलेज होंगे शुरू

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 6 नए मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किए गए हैं। राज्य में फिलहाल 15 सरकारी और 6 निजी मेडिकल कॉलेज के साथ एम्स सहित कुल 22 चिकित्सा संस्थान हैं। नर्सिंग कॉलेजों की संख्या 8 से बढ़कर 17 और फिजियोथेरेपी कॉलेजों की संख्या 1 से बढ़कर 7 हो गई है।

25 नए डायलिसिस सेंटर की तैयारी

अधिकारियों के मुताबिक, प्रदेश के 1,045 स्वास्थ्य संस्थानों में अटल आरोग्य लैब संचालित हैं। फिलहाल 33 स्थानों पर डायलिसिस की सुविधा है, जबकि 25 नए डायलिसिस केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में उपकरणों की मरम्मत और रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।

त्योहारी सीजन में मिलावट पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने सुरक्षित प्रसव, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और दूरस्थ इलाकों तक एंबुलेंस पहुंचाने पर जोर दिया। जहां एंबुलेंस नहीं पहुंच सकती, वहां वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही दिवाली से पहले मिठाई, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की सघन जांच करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और नागरिकों के स्वास्थ्य से समझौता स्वीकार नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *