Chhattisgarh | Government strict to bring back drop out children to school
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब स्कूल छोड़ चुके बच्चों की पढ़ाई बीच में नहीं रुकेगी। राज्य सरकार ने ड्रॉप आउट स्टूडेंट्स को फिर से स्कूल लाने के लिए बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। शिक्षा विभाग ने साफ निर्देश दिए हैं कि 31 जुलाई तक हर हाल में ऐसे बच्चों का दोबारा एडमिशन कराया जाए।
यू-डाइस 2025-26 की रिपोर्ट में सामने आया था कि प्राथमिक से लेकर सेकेंडरी स्कूल तक बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ाई छोड़ चुके हैं। इसके बाद शिक्षा विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। अब हर स्कूल को 15 जून तक उन बच्चों की लिस्ट तैयार करनी होगी, जो स्कूल छोड़ चुके हैं या लगातार गैरहाजिर हैं।
फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सरकार ने खास इंतजाम भी किया है। जिस स्कूल की लिस्ट बनेगी, उसकी जांच दूसरे स्कूल के प्रिंसिपल करेंगे ताकि सिर्फ कागजी खानापूर्ति न हो।
20 जून तक लिस्ट की जांच होगी और 15 जुलाई तक ब्लॉक स्तर पर बच्चों को दोबारा स्कूल में दाखिला दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। शिक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर किसी स्तर पर लापरवाही मिली तो जिम्मेदार अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई होगी।
