Chhattisgarh | CM Sai danced to the beats of the drum and gave a big gift to the village!
जशपुर। जशपुर जिले के बनगांव में आयोजित आंचलिक करम पूजा महोत्सव में जनजातीय संस्कृति का रंग देखने को मिला। समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने करम राजा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री मांदर की थाप पर नर्तक दलों के साथ पारंपरिक नृत्य करते भी नजर आए।
महोत्सव में उरांव समाज के 6 हजार से अधिक लोग शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा में नर्तक दलों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि करम परब जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बनगांव में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख और सीसी रोड के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा बनगांव में अखड़ा और सहसपुर में मिनी स्टेडियम बनाने का ऐलान भी किया।
सीएम साय ने जनजातीय समाज के वीर नायकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका शौर्य और बलिदान देश के इतिहास का गौरवशाली हिस्सा है। उन्होंने जशपुर में मेडिकल शिक्षा, खेल सुविधाओं और बिजली-सड़क जैसी अधोसंरचना के विस्तार का भी जिक्र किया।
