Chhattisgarh | बच्चों के आइडिया से बदलेगी दुनिया, 40 छात्रों का सम्मान

Spread the love

Chhattisgarh: Children’s ideas will change the world, 40 students honoured

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूली बच्चों के नए विचार अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। इंस्पायर मानक योजना के तहत प्रदेश के करीब 40 विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके नवाचारों की सराहना की।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि इंस्पायर अवार्ड योजना बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नए प्रयोगों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। हर बच्चे में कोई न कोई खास प्रतिभा होती है, जरूरत उसे पहचानने और आगे बढ़ने का अवसर देने की है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विचारों पर काम करने और ऐसे आविष्कार करने की अपील की, जो समाज के लिए उपयोगी हों। मंत्री के मुताबिक, छत्तीसगढ़ से करीब 80 हजार नवाचारी विचार सामने आए हैं।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने कहा कि सफलता का आधार बच्चे की पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि उसकी क्षमता, मेहनत और सोच है। विद्यार्थियों को प्रयोग करने, गलतियों से सीखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।

बीटीआई ग्राउंड परिसर स्थित एससीआरटी भवन में हुए कार्यक्रम में जुलाई में इंस्पायर मानक प्रतियोगिता के तहत जापान जाकर सीखने का अवसर पाने वाले राज्य के पांच विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। जापान से लौटे प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए।

इंस्पायर मानक योजना केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन के सहयोग से संचालित है। इसके तहत कक्षा 6वीं से 12वीं तक के चयनित विद्यार्थियों को अपने मौलिक विचारों पर मॉडल या प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *