Chhattisgarh | These 3 players of GPM did wonders in Bhopal, won 6 medals!
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में जिले के तीन खिलाड़ियों ने कुल छह पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। इनमें दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
12 से 15 नवंबर तक भोपाल में हुई इस प्रतियोगिता में देशभर के पैरा तैराकों ने हिस्सा लिया था। छत्तीसगढ़ की टीम से शामिल GPM के रोहित कुमार, जन्तराम पनिका और मोहनी मरावी ने शानदार प्रदर्शन किया।
रोहित कुमार ने बनाए रिकॉर्ड
इस प्रतियोगिता में रोहित कुमार सबसे ज्यादा चमके। उन्होंने 50 मीटर और 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा एक रजत पदक भी अपने नाम किया। उनके प्रदर्शन की खास बात यह रही कि उन्होंने दोनों स्पर्धाओं में शानदार समय के साथ रिकॉर्ड भी बनाया।
वहीं जन्तराम पनिका ने दो कांस्य पदक जीते, जबकि मोहनी मरावी ने एक कांस्य पदक हासिल किया। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है।
कलेक्टर ने दी बधाई
पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों ने 23 नवंबर को कलेक्टर विजय दयाराम के. से मुलाकात की। कलेक्टर ने सभी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि मेहनत, अभ्यास और मजबूत इरादों के सामने चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं।
