Mahtari Vandan Yojana | 32nd installment of Mahtari Vandan Yojana released
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी कर दी। इसके तहत प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए 632 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की राशि पहुंचाई गई। 32वीं किस्त के बाद योजना के तहत अब तक 20,708 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि वितरित हो चुकी है।
दुर्ग की महिलाओं को भी बड़ा लाभ
दुर्ग जिले की 3 लाख 89 हजार 507 महिलाओं के खातों में करीब 37.19 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और परिवार से जुड़े फैसलों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता सीधे बैंक खाते में दी जाती है। योजना 1 मार्च 2024 से लागू है।
दुर्ग को 218 करोड़ की सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले के लिए 218.48 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत की। इसमें 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन और आईटीआई दुर्ग के उन्नयन कार्य का लोकार्पण शामिल है।
इन परियोजनाओं में सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और बिजली से जुड़े काम शामिल हैं। आईटीआई दुर्ग के उन्नयन पर 1.22 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक संबल देने के साथ सरकार का फोकस युवाओं, किसानों और आम लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं तैयार करने पर भी है। उनका कहना है कि सशक्त महिलाएं ही मजबूत परिवार और विकसित छत्तीसगढ़ की नींव बनेंगी।
