Chhattisgarh: Relief date extended again for electricity bill holders
रायपुर। पुराने बिजली बिल के बकाये से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 की अवधि अब 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है। योजना के तहत राजनांदगांव क्षेत्र में अब तक 65,062 उपभोक्ता लाभ ले चुके हैं और उन्हें मूल बकाया व अधिभार में कुल 19.46 करोड़ रुपये की छूट मिली है।
चार जिलों में मिल रहा लाभ
राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के पात्र बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ता इस योजना का लाभ ले सकते हैं। योजना के तहत 31 मार्च 2023 से पहले के बकाया बिजली बिलों के निपटारे पर निर्धारित नियमों के अनुसार छूट दी जा रही है।
65 हजार से ज्यादा उपभोक्ता हुए लाभान्वित
राजनांदगांव क्षेत्र में कवर्धा संभाग से सबसे ज्यादा 24,415 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लिया है। इसके बाद पंडरिया में 21,234, राजनांदगांव में 6,023, डोंगरगढ़ में 5,351, खैरागढ़ में 3,670, मोहला में 3,076 और डोंगरगांव में 1,293 उपभोक्ता लाभान्वित हुए हैं।
अब तक लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं ने करीब 5.89 करोड़ रुपये बकाया राशि जमा की है। योजना के लिए 66 वितरण केंद्रों और 3 जोनों में विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
31 दिसंबर तक मौका
पात्र उपभोक्ता अपने नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र या जोन कार्यालय में संपर्क कर बकाया बिल का निपटारा करा सकते हैं। समय सीमा बढ़ने से अब उपभोक्ताओं के पास राहत पाने के लिए करीब तीन महीने का अतिरिक्त समय है।
