Chhattisgarh | Rahul Gandhi will come to Chhattisgarh….
रायपुर. छत्तीसगढ़ में 2028 के विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन कांग्रेस ने अभी से पूरी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी अब संगठन को मजबूत करने के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्षों का खास प्रशिक्षण कार्यक्रम करने जा रही है।
यह कार्यक्रम अभनपुर में प्रस्तावित है, जहां जिला अध्यक्षों को बताया जाएगा कि जमीनी स्तर पर संगठन कैसे मजबूत करना है, कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल कैसे रखना है और चुनावी रणनीति को कैसे बेहतर बनाना है।
खबर यह भी है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस कार्यक्रम में शामिल होकर जिला अध्यक्षों से सीधा संवाद करेंगे और संगठन को लेकर अपनी रणनीति साझा कर सकते हैं। उनका दो दिन तक रुकने का भी प्रस्ताव है।
साथ ही इस बात पर भी चर्चा है कि जिला अध्यक्षों के परिवारों के साथ भी एक अलग संवाद कार्यक्रम रखा जा सकता है ताकि संगठन में और बेहतर तालमेल बने।
इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल आधिकारिक कार्यक्रम का ऐलान बाकी है, लेकिन पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
