केशकाल | सड़क बनी चमचमाती, लेकिन ड्रेनेज सिस्टम फेल, प्री मॉनसून की बारिश में डूबा केशकाल

Spread the love
केशकाल:- शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग का नवीनीकरण कार्य भले ही पूरा हो चुका हो, लेकिन नाली सफाई और पानी निकासी को लेकर अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं किए जाने से आम जनता भारी परेशानियों का सामना कर रही है। शनिवार दोपहर आई तेज़ आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने शहर की बदहाल ड्रेनेज व्यवस्था की पूरी पोल खोलकर रख दी। महज़ आधे घंटे की बारिश में सड़क किनारे पानी भर गया, कई जगह नालियां जाम हो गईं और पानी की निकासी पूरी तरह ठप पड़ गई। हालात ऐसे बन गए कि नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों और दुकानों तक पहुंच गया। इससे स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने सड़क निर्माण तो कर दिया, लेकिन ड्रेनेज व्यवस्था और नालियों की नियमित सफाई की ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया गया। जगह-जगह नालियों में गाद, मिट्टी और कचरा जमा है, जिससे बारिश का पानी निकलने के बजाय सड़कों और बस्तियों में भर रहा है। बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में घंटों तक जलभराव की स्थिति बनी रही। राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों को कीचड़ और गंदे पानी के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि यदि अभी प्री-मानसून में ही यह हाल है, तो मानसून के दौरान शहर की स्थिति और भयावह हो सकती है।
इधर केशकाल एसडीएम ने संज्ञान लेते हुए तत्काल एनएच विभाग के अधिकारियों को ड्रेंजेज सिस्टम दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा कि जल्द से जल्द एनएच के नालियों की सफाई शुरू करवाई जा रही है ताकि बारिश के मौसम में नगरवासियों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *