Chhattisgarh | Picnic turns into mourning, river takes life
कोरबा। कोरबा जिले के मशहूर पिकनिक स्पॉट झोराघाट से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। परिवार के साथ घूमने गया 17 साल का युवक नदी में नहाने उतरा, लेकिन कुछ ही मिनटों में खुशियां मातम में बदल गईं।
कटघोरा निवासी अलाउद्दीन गर्मी से राहत पाने नदी में उतरा था, लेकिन उसे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था। नहाते-नहाते वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा।
परिजन और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। किसी तरह युवक को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि अलाउद्दीन परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद घर और अस्पताल दोनों जगह चीख-पुकार मच गई।
अब स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि झोराघाट जैसे पिकनिक स्पॉट पर खतरे वाले इलाकों में बोर्ड, सुरक्षा गार्ड और गोताखोरों की व्यवस्था की जाए, ताकि आगे ऐसी घटनाएं ना हों।
